बाराबंकी (उप्र): 26 मई (ए)
पुलिस ने बताया कि कार सवार लोग उत्तराखंड स्थित कैंची धाम दर्शन के लिए जा रहे थे तभी सोमवार देर रात करीब दो बजे हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र में भिखरा गांव के पास उनकी तेज रफ्तार कार सुल्तानपुर से लखनऊ की ओर जा रहे ट्रक से पीछे से जा टकरायी।
उसने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि इनोवा के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और कार में सवार लोग उसमें बुरी तरह फंस गये।
पुलिस ने बताया कि इस घटना में मुगलसराय के चंदौली निवासी राहुल कुमार (29), गाजीपुर के रहने वाले राहुल सिंह (30), बलिया निवासी सत्यम सिंह (30) और सुल्तानपुर के रहने वाले सूरज मिश्रा (31) की मौके पर ही मौत हो गई।
उसने बताया कि इस घटना में चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें पहले तो हैदरगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया लेकिन उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।
उसने बताया कि पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और हादसे की जांच शुरू कर दी है।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह कार की तेज रफ्तार मानी जा रही है।