संभल में मुस्लिम समुदाय ने भगवान गणेश को दो क्विंटल का लड्डू अर्पित किया

उत्तर प्रदेश संभल
Spread the love

संभल (उप्र): 14 सितंबर (ए) संभल जिले के चंदौसी में मुस्लिम समुदाय ने सोमवार को गणेश चतुर्थी के मौके पर भगवान गणेश को दो क्विंटल का ‘बूंदी’ का लड्डू अर्पित किया।

स्थानीय लोगों ने बताया कि मुस्लिम समाज के लोगों द्वारा भगवान गणेश को भोग के रूप में दो क्विंटल का लड्डू चढ़ाया गया। उन्होंने बताया कि सीता रोड स्थित गणेश मंदिर में यह भेंट की परंपरा वर्ष 2001 से चली आ रही है। मुस्लिम समुदाय के इशहाक बेग ने बताया कि समुदाय के लोग हर साल गणेश चतुर्थी पर भगवान गणेश को लड्डू चढ़ाते हैं। बेग ने कहा, ‘‘यह लड्डू आपसी भाईचारे और सांप्रदायिक सद्भाव का प्रतीक है। इस साल इसका वजन दो क्विंटल है।’’उन्होंने कहा, ‘‘हम इस लड्डू को पूरी श्रद्धा के साथ भगवान गणेश को चढ़ाते हैं और प्रार्थना करते हैं कि उनका आशीर्वाद हम सभी पर बना रहे।’’

बेग ने बताया कि मुस्लिम समुदाय के सदस्यों द्वारा लड्डू चढ़ाने की परंपरा 2001 में शुरू हुई थी और तब से हर साल यह जारी है।

गणेश चतुर्थी के मौके पर चंदौसी में एक भव्य गणेश रथ यात्रा निकाली गई, जिसमें शहर के अलग-अलग हिस्सों से गुज़रती हुई बड़ी झांकियां और भगवान गणेश की मूर्तियां शामिल थीं।

केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा ने रथ यात्रा का उद्घाटन किया। इस यात्रा के देर रात शहर के विभिन्न हिस्सों से गुजरने के बाद संपन्न होने की संभावना है।