नयी दिल्ली: तीन नवंबर (ए) ओमान में लिमाह के पास सोमवार शाम एक वाणिज्यिक पोत पर हुए हमले में एक भारतीय नाविक की मौत हो गई। भारत ने इस हमले की कड़ी निंदा की और पश्चिम एशिया में तनाव को तुरंत कम करने की अपनी मांग को फिर से दोहराया।
इस हमले में भारतीय की मौत के बाद, फरवरी में इस क्षेत्र में संघर्ष शुरू होने के बाद से मारे गए भारतीय नागरिकों की कुल संख्या 23 हो गई है, जिनमें 15 भारतीय नाविक भी शामिल हैं।विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि ‘एमएसवी अल यूसुफी’ नाम के इस जहाज पर 14 भारतीय नागरिक सवार थे, जिनमें से 13 को बचा लिया गया है।
मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ”हम ओमान के लिमाह के पास कल शाम वाणिज्यिक जहाज ‘एमएसवी अल यूसुफी’ पर हुए हमले की निंदा करते हैं। जहाज पर सवार 14 भारतीय नागरिकों में से 13 को बचा लिया गया है, जबकि एक भारतीय नागरिक की चोटों के कारण दुखद मौत हो गई।”
विदेश मंत्रालय ने कहा कि मस्कट स्थित भारतीय दूतावास स्थिति पर करीबी नजर रख रहा है और बचाए गए भारतीय नागरिकों की जल्द स्वदेश वापसी तथा मृतक के पार्थिव शरीर को भारत लाने के लिए ओमान के अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहा है।
भारत ने कहा कि इस क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों पर हमलों की लगातार हो रही घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं।
मंत्रालय ने कहा, ”हम तनाव कम करने के लिए तत्काल कदम उठाने और कूटनीतिक समाधान के लिए जारी वार्ता को पूरा करने की अपनी अपील दोहराते हैं, ताकि क्षेत्र में शांति और स्थिरता बहाल हो सके।”
बयान में कहा गया, ”क्षेत्र में वाणिज्यिक जहाजों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने की घटनाएं बंद होनी चाहिए। अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुरूप क्षेत्र के अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों से निर्बाध नौवहन और व्यापार को जल्द से जल्द बहाल किया जाना चाहिए।”
