चंडीगढ़: 22 नवंबर (ए) भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने रविवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर विदेश में भारत का ‘‘अपमान’’ करने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष को भारत की प्रगति से परेशानी है।
नवीन ने चंडीगढ़ स्थित रामलीला मैदान में पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की सभा को संबोधित करते हुए दिसंबर में होने वाले चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के लिए भाजपा के प्रचार अभियान की शुरुआत की। चंडीगढ़ नगर निगम के 35 वार्ड के पार्षदों के लिए 23 दिसंबर को मतदान होगा और 26 दिसंबर को मतगणना होगी।
अपने संबोधन में नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘एक समय था जब भारत को दुनिया की ‘कमजोर पांच अर्थव्यवस्थाओं’ में गिना जाता था… आज भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है।’’
कांग्रेस और उसके नेताओं पर निशाना साधते हुए भाजपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि वे विदेश जाकर केवल ‘‘इस धरती का अपमान’’ करते हैं।
नवीन ने कहा, ‘‘उन्हें विकास से, भारत की प्रगति की रफ्तार से परेशानी है और लोगों को गुमराह करने के प्रयास में वे दावा करते हैं कि भारत की अर्थव्यवस्था बर्बाद हो चुकी है। वे इस धरती का अपमान करते हैं।’’
उनकी यह टिप्पणी राहुल गांधी की हाल की अमेरिका यात्रा के दौरान दिए गए बयानों के संदर्भ में थी।
नवीन ने कहा, ‘‘राहुल जी, विश्व बैंक भी मानता है कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में करीब 50 करोड़ भारतीय परिवारों को गरीबी से बाहर निकाला गया है और उन्हें आत्मनिर्भर बनाया गया है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘एशियाई विकास बैंक भी यही कहता है। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष का कहना है कि भारत की विकास दर उसे दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बनाने वाली है।’’
