अमेरिकी सेना के हमलों से दूसरे दिन भी दहला ईरान, तनाव बढ़ा

अंतरराष्ट्रीय
Spread the love

वाशिंगटन,तेहरान,नौ जुलाई (ए)। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से ईरान के साथ अंतरिम शांति समझौते को खत्म घोषित करने के बाद अमेरिका ने दूसरे दिन भी गुरुवार को ईरान पर नए हवाई हमले शुरू कर दिए। अमेरिकी सेना ने कहा कि ये कार्रवाई ईरान की उस क्षमता को कमजोर करने के लिए की जा रही है, जिससे वह होर्मुज जलडमरूमध्य में नौवहन की स्वतंत्रता के लिए खतरा पैदा कर सके।अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी बयान में कहा कि राष्ट्रपति के निर्देश पर अमेरिकी बलों ने ईरान के खिलाफ अतिरिक्त सैन्य कार्रवाई शुरू की है। सेंटकॉम ने कहा, “व्यावसायिक जहाजों और नागरिक चालक दल पर हालिया अनुचित हमलों के लिए ईरान जवाबदेह है। होर्मुज जलडमरूमध्य जैसे महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्ग पर नौवहन की स्वतंत्रता सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है।”

इस बीच ईरान की मेहर न्यूज एजेंसी ने कोनारक, चाबहार और बंदर अब्बास के आसपास विस्फोटों की सूचना दी। एजेंसी के अनुसार, बंदर अब्बास के निकट ईरानी वायु रक्षा प्रणाली ने कथित दुश्मन के लक्ष्यों को निशाना बनाया। वहीं, ईरान की मिजान न्यूज एजेंसी ने भी सिरिक और बंदर अब्बास में विस्फोटों की आवाज सुनाई देने की जानकारी दी। बाद में सरकारी समाचार एजेंसी आईआरएनए ने बताया कि धमाकों के बाद चाबहार के कुछ इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।