मानव तस्करों ने झारखंड की महिला को तीन लाख रुपये में बेचा, पुलिस ने बचाया

झारखण्ड रांची
Spread the love

रांची: 26 मई (ए)) झारखंड पुलिस ने राजस्थान में कथित तौर पर तीन लाख रुपए में बेची गई सिमडेगा की 22 वर्षीय महिला को बचा लिया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि सिमडेगा जिले के कुरडेग थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली महिला को पड़ोसी गांव का एक व्यक्ति नौकरी दिलाने का वादा कर 2023 में दिल्ली ले गया था। दिल्ली में उसे एक प्लेसमेंट एजेंसी के माध्यम से घरेलू काम में लगा दिया गया। कुछ दिनों बाद, वह उस घर से भाग निकली।जब वह दिल्ली के आनंद विहार बस स्टैंड के पास भटक रही थी, तब मेरठ के एक जोड़े ने उसे अपनी बातों में फंसा लिया और उसे अपने साथ ले गए। इसके बाद, उस जोड़े ने महिला को राजस्थान के बाड़मेर जिले में एक परिवार को 3 लाख रुपये में बेच दिया। बाड़मेर में वह परिवार की कैद में रही, जहाँ उसे न केवल अमानवीय यातनाओं का सामना करना पड़ा, बल्कि इसी दौरान उसने एक बच्चे को भी जन्म दिया।महिला ने जैसे-तैसे अपनी मां से संपर्क कर पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद पीड़िता के परिजनों ने 20 मई को सिमडेगा के एंटी-ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट में प्राथमिकी  दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन किया। पुलिस की इस टीम ने तत्परता दिखाते हुए बाड़मेर में दबिश दी और पीड़िता को मुक्त कराकर सुरक्षित घर वापस ले आई।