
पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान का जन्म पांच जुलाई 1946 को बिहार के खगड़िया में हुआ था। रविवार को पत्रकारों से बातचीत में चिराग पासवान ने कहा कि पार्टी दिवंगत रामविलास पासवान के विचारों को आगे बढ़ाते हुए देशभर में अपने संगठन का विस्तार कर रही है। उन्होंने कहा कि बिहार में पार्टी की मजबूत मौजूदगी है, जबकि झारखंड और नगालैंड में पार्टी के विधायक हैं। इसके अलावा पूर्वोत्तर राज्यों में भी संगठन का विस्तार किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि इसी रणनीति के तहत अब उत्तर प्रदेश में संगठन को मजबूत करने का लक्ष्य तय किया गया है। आने वाले दिनों में प्रदेश इकाई के नेतृत्व में विभिन्न जिलों में संगठनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव लड़ने के सवाल पर चिराग पासवान ने कहा कि पार्टी चुनाव मैदान में उतरने की इच्छुक है। हालांकि, गठबंधन और सीटों के बंटवारे पर अंतिम फैसला प्रदेश इकाई करेगी, जिसका प्रस्ताव केंद्रीय संसदीय बोर्ड की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) केंद्र और बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) का हिस्सा है और उत्तर प्रदेश में भी गठबंधन को मजबूत करने की दिशा में काम करेगी।