पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को पकड़ लिया है जबकि दूसरे की तलाश जारी है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि आज सुबह खेतों पर टहलने गए दरियाबाद थाना क्षेत्र के सराय शाह आलम ग्राम पंचायत के प्रधान प्रतिनिधि फुरकान अहमद ने एक युवक को सरसों के खेत में झाड़ियों के बीच संदिग्ध अवस्था में सिलेंडर छिपाकर भागते देखा।
उन्होंने बताया कि शक होने पर फुरकान अहमद ने उस युवक का पीछा किया मगर वह भाग गया।
सूत्रों ने बताया कि अहमद ने इसके बाद पास के प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया तो रसोईघर का ताला टूटा पाया।
सूत्रों के मुताबिक अहमद ने शक के आधार पर गयास नामक एक युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा पूछताछ में आरोपी गयास ने बताया कि वह अपने साथी लवकुश के साथ स्कूल से रसोई गैस सिलेंडर चोरी करने आया था।
सूत्रों के मुताबिक गयास ने बताया कि लवकुश सिलेंडर लेकर भागने में सफल रहा था, लेकिन घेराबंदी के डर से उसने सिलेंडर को सरसों के खेत में छिपा दिया था।
दरियाबाद कोतवाली के प्रभारी धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी गयास को गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि चोरी में शामिल उसके दूसरे साथी लवकुश की तलाश में पुलिस जुटी है।
सूत्रों के अनुसार जिले में सिलेंडर की कमी के कारण ऐसी वारदात बढ़ रही हैं।
