मुजफ्फरनगर, (उप्र), 12 नवंबर (ए) उत्तर प्रदेश के शामली जिले के बनत कस्बे में भैया दूज पर बहन के घर तिलक कराने गए 22 वर्षीय युवक की कथित तौर पर उसकी बहन के ससुराल पक्ष के लोगों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।
अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला ने बृहस्पतिवार को बताया कि पुलिस ने मृतक की बहन मनीषा के ससुराल पक्ष के छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है, जिसमें मनीषा का पति अरुण कुमार और देवर आकाश भी शामिल हैं, हालांकि आकाश फरार है। पुलिस ने पूछताछ के लिए दो आरोपियों को हिरासत में लिया है।
पुलिस के अनुसार, मुजफ्फरनगर निवासी मदन पाल का बेटा अंकुश बुधवार को भैया दूज के मौके पर बहन मनीषा के घर बनत आया था और तिलक कराने के बाद उसे किसी स्थान पर ले जाया गया, जहां कथित तौर पर उसके साथ मारपीट की गयी।
अंकुश गंभीर हालत में अपनी बहन के घर के बाहर मिला और उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने बताया कि इस घटना के बाद मृतक के परिजनों ने विरोध प्रदर्शन किया।
पुलिस मामले की जांच कर रही है।
