दिल्ली के नजफगढ़ में नकाबपोशों ने दवा की दुकान पर चलाई गोली, कोई घायल नहीं

राष्ट्रीय
Spread the love

नयी दिल्ली: 20 सितंबर (ए) राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के नजफगढ़ में मोटरसाइकिल पर सवार दो नकाबपोश लोगों ने दवा की एक दुकान पर कथित तौर पर गोली चलायी, जो दुकान के ऊपरी हिस्से में लगी। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, घटना शनिवार रात करीब साढ़े आठ बजे नया बाजार स्थित दवा की एक दुकान में हुई। पुलिस ने बताया कि दुकान के मालिक 51 वर्षीय संजय रोहिल्ला ने पुलिस को सूचना दी कि करीब 25 से 30 वर्ष की उम्र के दो व्यक्ति मोटरसाइकिल से दुकान पर पहुंचे थे। उन्होंने अपने चेहरे कपड़े से ढक रखे थे।

पुलिस के अनुसार, दोनों में से एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से उतरा और कथित तौर पर छत की ओर गोली चला दी। गोली दुकान की छत के पास गेट के ऊपरी हिस्से में लगी।

इसके बाद दोनों संदिग्ध मोटरसाइकिल से मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने बताया कि घटना में कोई घायल नहीं हुआ।

उन्होंने बताया कि संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच की जा रही है।