मुरैना (मप्र): 30 अक्टूबर (ए) मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में दूध के एक टैंकर ने मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोगों को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
सिविल लाइन थाना प्रभारी उदयभान यादव ने बताया कि हादसा बृहस्पतिवार रात करीब साढ़े आठ बजे थाना क्षेत्र में क्वारी नदी पुल के पास हुआ। तीनों व्यक्ति एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर मुरैना शहर से मजदूरी करने के बाद अपने गांव हिंगोना कला लौट रहे थे।
उन्होंने बताया कि मुरैना से धौलपुर-आगरा की ओर जाने वाली सड़क पर दूध के एक टैंकर ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी और उन्हें कुचल दिया। हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान कल्लू माहौर (31), गोपी माहौर (18) और प्रकाश माहौर (50) के रूप में हुई है। थाना प्रभारी ने बताया कि कल्लू और गोपी सगे भाई थे तथा तीनों हिंगोना कला गांव के निवासी थे।
उन्होंने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए मुरैना जिला अस्पताल ले जाया गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम शुक्रवार को कराया जाएगा।
यादव ने बताया कि हादसे के बाद टैंकर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
