लाहौर: 18 अक्टूबर (ए) अमेरिकी वित्त विभाग द्वारा घोषित वैश्विक आतंकवादी मुहम्मद सरवर की रविवार को मस्जिद जाने के दौरान अचान गिरने से मौत हो गयी । उसके संगठन ने इसकी जानकारी दी।
पाकिस्तान मरकजी मुस्लिम लीग (पीएमएमएल) के एक प्रवक्ता ने बयान में कहा कि पीएमएमएल की पंजाब इकाई का अध्यक्ष मुहम्मद सरवर की आज मौत हो गयी । बयान में कहा गया है कि वह नमाज के लिए घर से मस्जिद जा रहा था, तभी अचानक गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई।
पीएमएमएल ने सरवर की मौत का सटीक कारण नहीं बताया है। हालांकि, ‘24न्यूजएचडी’ टीवी चैनल ने खबर दी कि सरवर की मौत ‘‘सीढ़ियों से गिरने के बाद सिर में लगी चोट के कारण’’ हुई।
पीएमएमएल, मुंबई हमले के मुख्य साजिशकर्ता हाफिज सईद के संगठन जमात-उद-दावा (जेयूडी) की राजनीतिक शाखा है।
अधिकारियों के अनुसार, सईद 2019 से लाहौर की कोट लखपत जेल में बंद है। उसे आतंकवाद के वित्तपोषण से जुड़े कई मामलों में दोषी ठहराया गया था और इन मामलों में उसे कई साल की सजा सुनाई गई थी।
सरवर का अंतिम संस्कार रविवार देर रात लाहौर के चुबुरजी इलाके में स्थित जमात-उद-दावा के मुख्यालय जामिया अल-कादसिया में किए जाने की जानकारी है।
अमेरिकी वित्त विभाग के विदेशी संपत्ति नियंत्रण कार्यालय (ओएफएसी) ने 2016 में सरवर और लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के एक अन्य वरिष्ठ नेता शाहिद महमूद को विशेष रूप से नामित वैश्विक आतंकवादी (एसडीजीटी) घोषित किया था।
इस कार्रवाई का उद्देश्य लश्कर-ए-तैयबा के धन जुटाने और उसे सहायता मुहैया कराने वाले नेटवर्क को बाधित करना था।
ओएफएसी ने कहा था कि इन दोनों को संगठन की ओर से या उसके प्रतिनिधि के रूप में काम करने के कारण नामित किया गया। इसके साथ ही, अमेरिकी अधिकार क्षेत्र के अधीन उनकी सभी संपत्तियों और संपत्तियों में उनके हितों को प्रतिबंधित कर दिया गया था।
ओएफएसी के अनुसार, सरवर एक दशक से अधिक समय तक लाहौर में लश्कर-ए-तैयबा का वरिष्ठ पदाधिकारी रहा था और उसने संगठन में विभिन्न नेतृत्वकारी भूमिकाएं निभाई थीं। वह कम से कम जनवरी 2015 से लश्कर-ए-तैयबा की लाहौर इकाई का प्रमुख था।
