शादी के दो दिन बाद आभूषण लेकर नवविवाहिता फरार, पुजारी समेत कई के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

उत्तर प्रदेश हापुड़
Spread the love

हापुड़ (उप्र): 17 अगस्त (ए) हापुड़ जिले में एक नवविवाहिता शादी के दो दिन बाद कथित तौर पर आभूषण लेकर घर से फरार हो गई जिसके बाद उसके पति ने महिला, एक पुजारी और उसके परिवार के सदस्यों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि घटना सिंभावली थाना क्षेत्र के लिसड़ी-भगवतीपुर गांव की है। महिला के देर रात घर से फरार होने का घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया।महिला के पति विनोद कुमार द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, हल्द्वानी के पुजारी राकेश शास्त्री ने लगभग तीन महीने पहले उनसे संपर्क किया और शादी का प्रस्ताव रखते हुए कहा कि महिला एक गरीब परिवार से है और शादी का समारोह एक मंदिर में आयोजित किया जाएगा।

कुमार ने बताया कि वह 14 अगस्त को अपने परिवार के साथ रामपुर के शिव मंदिर गए थे, जहां शास्त्री ने सीमा नाम की महिला से विवाह किया था।पति ने बताया कि बाद में उसने दुल्हन की मां को 1 लाख रुपये और पुजारी को दक्षिणा के रूप में 2,100 रुपये दिए।

सीमा को घर लाने के बाद, कुमार ने कहा कि उसने उसे सोने का मंगलसूत्र, चांदी का हार, झुमके और पायल उपहार में दिए।

हालांकि, सीमा 15 अगस्त की रात को गहने लेकर घर से भाग गई। ससुराल वालों ने अगली सुबह देखा कि वह गायब है। उन्होंने उसकी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। हालांकि, देर रात घर से निकलते समय वह सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर ने बताया कि धोखाधड़ी से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

उन्होंने कहा कि मामले की विस्तृत जांच चल रही है।