इस्लामाबाद: 21 अक्टूबर (ए) पाकिस्तान और मालदीव ने बुधवार को रक्षा, समुद्री सुरक्षा और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) समेत विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए 20 सहमति पत्रों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए।
ये समझौते मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू की पाकिस्तान यात्रा के दौरान किए गए। वह प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के निमंत्रण पर तीन दिवसीय दौरे के लिए मंगलवार को इस्लामाबाद पहुंचे थे।
मुइज्जू की यह यात्रा 11 साल में मालदीव के किसी राष्ट्रपति की पहली पाकिस्तान यात्रा है। यह यात्रा दोनों देशों के बीच 1966 में स्थापित राजनयिक संबंधों की 60वीं वर्षगांठ के मौके पर हो रही है।
दोनों देशों के नेताओं की मौजूदगी में रक्षा सहयोग, समुद्री सुरक्षा, सूचना प्रौद्योगिकी, साइबर सुरक्षा और एआई के क्षेत्र में समझौते हुए हैं।
इन समझौतों में अवैध तस्करी और मादक पदार्थों की तस्करी से निपटना, सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, खाद्य नियामक प्राधिकरणों के बीच सहयोग, स्वास्थ्य पेशेवरों की भर्ती, व्यावसायिक प्रशिक्षण को बढ़ावा देना, युवाओं और खेलों का विकास तथा हवाई संपर्क बढ़ाना भी शामिल है।
इसके अलावा, पुलिस अकादमियों के बीच सहयोग और मालदीव के लोक सेवा आयोग तथा पाकिस्तान के संघीय लोक सेवा आयोग और लोक सेवा अकादमी के बीच समझौते भी किए गए।
कृषि, व्यापार, मत्स्य पालन, पर्यावरण, शिक्षा, पर्यटन तथा कला और संस्कृति के क्षेत्र में सहयोग के लिए अलग-अलग समझौतों पर भी हस्ताक्षर किए गए।
समझौतों पर हस्ताक्षर से पहले प्रधानमंत्री शरीफ और राष्ट्रपति मुइज्जू ने विभिन्न मुद्दों पर बातचीत की। समझौता समारोह के बाद दोनों नेताओं ने संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया।
इस दौरान प्रधानमंत्री शरीफ ने कहा कि दोनों देश भविष्य में भी अपने संबंधों को मजबूत बनाने के लिए काम करते रहेंगे।
शरीफ ने मुइज्जू से कहा कि उन्हें इन समझौतों को लागू करने के लिए उनके साथ व्यक्तिगत रूप से काम करने में खुशी होगी।
उन्होंने कहा कि इसके लिए जल्द फैसले लिए जाएंगे और समझौतों को तेजी से लागू किया जाएगा।
