बलिया: पांच अक्टूबर (ए) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बिहार विधान परिषद सदस्य और भोजपुरी गायक पवन सिंह अपनी मां की तबीयत अचानक खराब होने के कारण सोमवार को बलिया स्थित परिवार न्यायालय में भरण-पोषण से संबंधित मामले की निर्धारित सुनवाई में उपस्थित नहीं हो सके।
पवन सिंह के अधिवक्ता हरिवंश सिंह ने बताया कि अपर प्रधान न्यायाधीश कमला पति प्रजापति की अदालत में ज्योति सिंह द्वारा अंतरिम भरण-पोषण के लिए दाखिल वाद पर सुनवाई सोमवार को निर्धारित थी।
उन्होंने बताया कि पवन सिंह की मां प्रतिमा देवी की तबीयत अचानक बिगड़ गई और उन्हें हृदयाघात हुआ है। उन्हें गत दो अक्टूबर को लखनऊ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था और सोमवार को उनका ऑपरेशन होना है। ऐसे में पवन सिंह का अदालत में उपस्थित होना संभव नहीं था।
अधिवक्ता ने बताया कि पवन सिंह की ओर से सोमवार को सुनवाई टालने के लिए अदालत में प्रार्थना पत्र दाखिल किया गया। वहीं, ज्योति सिंह के अधिवक्ता की ओर से भी अदालत के समक्ष एक प्रार्थना पत्र दिया गया।
उन्होंने बताया कि अदालत ने दोनों पक्षों पर जुर्माना लगाया है। पवन सिंह पर एक हजार रुपये और ज्योति सिंह पर 500 रुपये का जुर्माना लगाया गया। अदालत ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 17 अक्टूबर की तारीख निर्धारित की है।
पवन सिंह और उनकी पत्नी ज्योति सिंह के बीच चल रहे पारिवारिक विवाद के मामले में सोमवार को सुनवाई के दौरान ज्योति सिंह अपने अधिवक्ता के साथ अदालत में उपस्थित रहीं।
भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह ने बलिया शहर के मिड्ढी निवासी रामबाबू सिंह की पुत्री ज्योति सिंह से छह मार्च 2018 को विवाह किया था। ज्योति सिंह ने 22 अप्रैल 2022 को परिवार न्यायालय में भरण-पोषण के लिए अर्जी दाखिल की थी। अदालत द्वारा जारी नोटिस पर पवन सिंह पांच नवंबर 2022 को न्यायालय में उपस्थित हुए थे।
स्थानीय परिवार न्यायालय ने पिछली सुनवाई की तारीख नौ सितंबर को अदालत में उपस्थित नहीं होने पर पवन सिंह पर एक हजार रुपये का जुर्माना लगाया था।
