Site icon Asian News Service

प्रधानमंत्री मोदी ने रांची-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई

Spread the love

रांची, 27 जून (ए) झारखंड की राजधानी रांची और बिहार की राजधानी पटना के बीच संपर्क बढ़ाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।.

प्रधानमंत्री ने रांची-पटना वंदे भारत सहित पांच वंदे भारत ट्रेनों को भोपाल के रानी कमलापति स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इनमें से दो ट्रेनों को उन्होंने प्रत्यक्ष तरीके से और तीन को वर्चुअल तरीके से हरी झंडी दिखाई।.

रांची और पटना के बीच 28 जून से वंदे भारत ट्रेन का नियमित परिचालन प्रारंभ हो जाएगा।

आज के कार्यक्रम में रांची रेलवे स्टेशन पर राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन, केन्द्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश के अलावा अन्य अधिकारी एवं नेता उपस्थित थे।

झारखंड के राज्यपाल राधाकृष्णन ने कहा कि वंदे भारत ट्रेन भारत की प्रौद्योगिकी के उन्नयन में मील का पत्थर है।

उन्होंने कहा, ‘‘वंदे भारत ट्रेनें देश के विकास का इंजन बनेंगी और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आज जिस प्रकार पांच वंदे भारत ट्रेनें एक साथ देश के विभिन्न भागों में चलायी गयी हैं यह देश की आधारभूत संरचना में तेजी से हो रहे विकास का द्योतक है।’’

दक्षिण पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी आदित्य चौधरी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि रांची से रवाना हुई ट्रेन में करीब 180 स्कूली छात्र और कई गणमान्य लोग सफर कर रहे हैं।

रेलवे द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 22349 पटना- रांची वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन 28 जून से सप्ताह में छह दिन (मंगलवार छोड़कर) पटना से प्रस्थान करेगी।

ट्रेन की समय-सारणी के अनुसार यह पटना से सुबह सात बजे प्रस्थान करेगी, फिर उसका गया आगमन 08.25 बजे, प्रस्थान 08.35 बजे, कोडरमा आगमन 09.35 बजे- प्रस्थान 09.37 बजे, हजारीबाग टाउन आगमन 10.33 बजे- प्रस्थान 10.35 बजे, बरकाकाना आगमन 11.35 बजे- प्रस्थान 11.40 बजे, मेसरा आगमन 12.20 बजे-प्रस्थान 12.22 बजे एवं रांची आगमन दोपहर एक बजे होगा।

इसी तरह ट्रेन संख्या 22350 रांची- पटना वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन 28 जून से सप्ताह में छह दिन (मंगलवार छोड़कर) रांची से प्रस्थान करेगी।

इस ट्रेन का रांची से प्रस्थान शाम 4.15 बजे, मेसरा आगमन शाम 4.35 बजे-प्रस्थान 4.37 बजे, बरकाकाना आगमन शाम 5.30 बजे- प्रस्थान 5.35 बजे, हजारीबाग टाउन आगमन शाम 6.30 बजे- प्रस्थान 6.32 बजे, कोडरमा आगमन शाम 7.30 बजे-प्रस्थान 7.32 बजे, गया आगमन रात्रि 8.45 बजे-प्रस्थान 8.55 बजे एवं पटना आगमन रात्रि 10.05 बजे होगा।

Exit mobile version