पुलिस ने अपहृत बच्ची को छुड़ाया, फैक्टरी कर्मचारी गिरफ्तार

राष्ट्रीय
Spread the love

नयी दिल्ली: 25 फरवरी (ए)) दिल्ली पुलिस ने अशोक विहार इलाके से कथित तौर पर अगवा की गयी तीन वर्षीय बच्ची को सुरक्षित छुड़ा लिया है और इस सिलसिले में फैक्टरी के एक कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में 22 फरवरी को सूचना मिली थी कि वजीरपुर औद्योगिक क्षेत्र (डब्ल्यूपीआईए) में स्थित एक फैक्टरी के पास से एक बच्ची को अगवा कर लिया गया है.

“मामले को गंभीरता से लेते हुए, पुलिस की एक टीम हरकत में आई और बच्चे की तलाश के लिए एक अभियान शुरू किया,” अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (उत्तर पश्चिम) भीष्म सिंह ने कहा।

अधिकारी ने बताया कि एक टीम ने घटनास्थल को सुरक्षित कर लिया और स्थानीय जानकारी जुटाना शुरू कर दिया, जबकि दूसरी टीम ने संदिग्ध की पहचान करने और बच्चे की गतिविधियों का पता लगाने के लिए आसपास की सड़कों और औद्योगिक इकाइयों से सीसीटीवी फुटेज खंगाला।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पूछताछ और तकनीकी विश्लेषण के दौरान, संदिग्ध की पहचान अमित (47) के रूप में हुई, जो इलाके का निवासी था और डब्ल्यूपीआईए में एक कारखाने में काम करता था।

“उसका मोबाइल नंबर प्राप्त कर तकनीकी निगरानी में रखा गया। उसकी गतिविधियों की रियल-टाइम ट्रैकिंग से पुलिस को उसकी लोकेशन का पता लगाने में मदद मिली। विशिष्ट सूचनाओं के आधार पर एक साथ छापेमारी की गई और पीसीआर कॉल मिलने के एक घंटे के भीतर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया और नाबालिग लड़की को सुरक्षित बचा लिया गया,” अधिकारी ने बताया।

बच्ची को सुरक्षित पाया गया और उसे तुरंत उसके परिवार से मिला दिया गया। उन्होंने बताया कि अपहरण के पीछे के मकसद का पता लगाने और यह जांचने के लिए आगे की जांच जारी है कि क्या आरोपी का पहले भी इसी तरह के मामलों में कोई संलिप्तता थी।