प्रदर्शनकारियों पर पुलिस का बल प्रयोग ‘परेशान’ करने वाला: न्यायमूर्ति भुइयां

राष्ट्रीय
Spread the love

नयी दिल्ली: चार सितंबर (ए) उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति उज्ज्वल भुइयां ने शुक्रवार को कहा कि जंतर-मंतर पर विरोध कर रहे छात्रों और प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस द्वारा किया गया बल प्रयोग ‘परेशान करने वाला’ और ‘‘गंभीर चिंता का विषय’’ है।

न्यायमूर्ति भुइयां ने पूर्व सचिव (सुरक्षा) यशोवर्धन आजाद की लिखी किताब ‘पुलिसिंग द रिपब्लिक’ के विमोचन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह टिप्पणी की। यह कार्यक्रम राजधानी के वायसराय हॉल में आयोजित किया गया था।उन्होंने कहा, ‘‘जब हम भारतीय पुलिस सेवा के युवा अधिकारियों को खुद जाकर प्रदर्शनकारियों और आंदोलनकारियों पर बल प्रयोग करते हुए देखते हैं, तो हम सभी को बहुत निराशा होती है। यह देखना वाकई बहुत दुखद है।’’

न्यायमूर्ति भुइयां ने कहा, ‘‘पुलिस अधिकारियों से जिस तटस्थता की उम्मीद की जाती है, वह नदारद होती दिख रही है और यह वाकई गंभीर चिंता का विषय है।’’

इस कार्यक्रम में कांग्रेस सांसद पी. चिदंबरम, महाराष्ट्र के पूर्व पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) डी. शिवानंदन और अन्य लोग भी मौजूद रहे।