Site icon Asian News Service

मौनी अमावस्या पर प्रियंका गांधी ने संगम में लगाई आस्था की डुबकी

Spread the love


प्रयागराज, 11 फरवरी (ए)। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा गुरुवार को मौनी अमावस्या के पावन मौके पर प्रयागराज पहुंच कर दोपहर में अरेल घाट से नाव से संगम में आस्था की डुबकी लगाई। उनके साथ बेटी और अन्य लोग भी रहे। वापसी में प्रियंका ने नाव पर भी हाथ आजमाया। उन्होंने नाविक के साथ मिलकर कुछ दूर तक खुद नाव भी चलाई। प्रियंका के दौरे के दौरान एक अजब संयोग बना। प्रियंका गांधी जब नाव पर सवार होकर संगम जा रहे थीं तो उसी वक्त योगी सरकार की तरफ से हेलीकॉप्टर के जरिए माघ मेले में मौजूद श्रद्धालुओं पर फूलों की बारिश हो रही थी। इस दौरान प्रियंका गांधी व उनके साथ आए लोगों पर भी फूलों की बारिश हुई। इससे पहले प्रियंका गांधी 11:40 बजे आनंद भवन पहुंचीं। वहां कांग्रेस के नेताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। गेट पर भारी भीड़ को देखते हुए आनंद भवन के गेट को खोल दिया गया। कार्यकर्ता भी भीतर घुस गए थे, जिन्हें बाद में रोका गया। आनंद भवन पहुंचकर प्रियंका ने अपने परदादा और देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के अस्थिस्थल पर पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किया। इसके बाद वो अनाथ बच्चियों से मिलीं और काफी देर तक उनसे बात की। इसी बीच भीड़ में से नैनी की सीमा सिंह ने जब आवाज दी तो प्रियंका सुरक्षा घेरे को तोड़ते हुए उसके पास पहुंच गईं और बातचीत करते हुए उसे अपने साथ अपनी गाड़ी तक ले आईं। यह लड़की बीटीसी कर रही है।

Exit mobile version