लापता युवती के अवशेष मिले, 28 पुलिसकर्मी निलंबित

झारखण्ड बोकारो
Spread the love

बोकारो: 12 अप्रैल (ए)) झारखंड के बोकारो जिले से आठ महीने पहले लापता हुई 18 वर्षीय युवती के अवशेष मिलने के बाद मामले में कथित तौर पर लापरवाही करने वाले 28 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने बताया कि महिला की हड्डियां और बाल जैसे अवशेष शनिवार को पिण्ड्राजोरा थाना क्षेत्र में स्थित चास कॉलेज के पास एक सुनसान इलाके से बरामद किए गए।

सस्पेंड होने वालों में 10 सब-इंस्पेक्टर, 5 एएसआई, 2 हवलदार और 11 सिपाही शामिल हैं। इस थाने की पुलिस पर छात्रा के अपहरण और हत्या के मामले में जांच को भटकाने और आरोपियों को फायदा पहुंचाने के गंभीर आरोप हैं।

पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र की निवासी छात्रा की मां ने अगस्त 2025 में अपनी बेटी के अपहरण की शिकायत दर्ज करायी थी। महीनों बाद भी जब पुलिस ने इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की तो महिला ने झारखंड हाईकोर्ट में हैबियस कॉर्पस याचिका दायर की।जहां पुलिस की कार्यशैली पर कड़ी नाराजगी जताई गई। अदालत ने डीजीपी से लेकर एसपी तक को तलब किया था और डीआईजी स्तर की एक सदस्यीय कमेटी से जांच के निर्देश दिए थे। हाल ही में डीआईजी संध्या रानी मेहता ने बोकारो पहुंचकर मामले की जांच की है। इस केस की अगली सुनवाई 15 अप्रैल को निर्धारित है।