स्कूल वैन चालक की गोली मारकर हत्या

झारखण्ड रांची
Spread the love
Facebook
Twitter
Linkedin
Pinterest
Whatsapp

जमशेदपुर: 14 अक्टूबर (ए) जमशेदपुर के कीताडीह क्षेत्र में अज्ञात व्यक्तियों ने 25 वर्षीय एक स्कूल वैन चालक की गोली मारकर हत्या कर दी। एक पुलिस अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान रोहित कुमार सिंह के रूप में हुई है।अधिकारी ने बताया कि वह बागबेरा थाना क्षेत्र में अपने घर के सामने सो रहा था, तभी हमलावरों ने नजदीक से उसे गोली मार दी।

उन्होंने बताया कि इस संबंध में पूछताछ के लिए एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है।

हालांकि इस संबंध में पुलिस जांच चल रही है, लेकिन मृतक के रिश्तेदारों ने दावा किया है कि सिंह ने कुछ दिन पहले क्षेत्र में झगड़ा कर रहे दो युवकों को शांत कराने की कोशिश की थी।

उनमें से एक युवक ने कथित तौर पर उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी।

अधिकारी ने बताया कि पुलिस सभी संभावित कोणों से मामले की जांच कर रही है।

परिवार के सदस्यों को सिंह सोमवार सुबह खून से लथपथ मिला जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

अधिकारी ने बताया कि पुलिस आरोपियों की पहचान के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

एक अन्य घटना में रविवार सुबह बिष्टुपुर इलाके में मोटरसाइकिल की मामूली टक्कर को लेकर हुए विवाद के बाद अज्ञात युवकों के एक समूह ने 21 वर्षीय एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी।

पुलिस ने बताया कि यह वारदात तब हुई जब देवराज पिल्लई (मृतक) अपने चार दोस्तों के साथ रात भर दुर्गा पूजा पंडालों में दर्शन करने के बाद रविवार सुबह करीब 3:45 बजे घर लौट रहा था।

उन्होंने बताया कि इस दौरान देवराज की मोटरसाइकिल की विरोधी समूह की मोटरसाइकिल को टक्कर लग गयी जिसके बाद विवाद हुआ और चाकूबाजी हुई।

पुलिस ने बताया कि इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों से आरोपियों की पहचान की जा रही है।

Facebook
Twitter
Whatsapp