कोलकाता: 21 जून (ए)
पुलिस के अनुसार, यह हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर उल्लादाबरी के पास हुआ।
उत्तर बंगाल राज्य परिवहन निगम (एनबीएसटीसी) की बस सुबह करीब 11:30 बजे सड़क किनारे खड़े एक ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई यात्री अंदर ही फंस गए, जिसके बाद पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने बचाव अभियान शुरू किया।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने इस दुर्घटना पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार मृतकों और घायलों के परिजनों को मुआवजा देगी तथा घायलों के इलाज का पूरा खर्च वहन करेगी।
जलपाईगुड़ी की पुलिस अधीक्षक सुजाता कुमारी वीणापाणि ने कहा, ‘दुर्घटना में छह लोगों की मौत हुई है और करीब 29 अन्य घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना के तुरंत बाद बचाव और राहत अभियान शुरू कर दिया गया था।’
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘प्रथम दृष्टया प्रतिकूल मौसम और फिसलन भरी सड़क दुर्घटना का कारण हो सकते हैं, लेकिन वास्तविक कारण का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।’
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर उल्लादाबरी जोराबाध क्षेत्र में हुई दुर्घटना से वह दुखी हैं। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
उन्होंने कहा, ‘‘इस भीषण दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। मैं शोक संतप्त परिजनों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं और सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।’’
अधिकारी ने कहा कि दुर्घटना में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजन को पांच लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। गंभीर रूप से घायल लोगों को एक लाख रुपये और मामूली रूप से घायल यात्रियों को 50,000 रुपये का मुआवजा दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जलपाईगुड़ी जिला प्रशासन और पुलिस बचाव एवं राहत कार्य में जुटे हैं।
उन्होंने बताया कि उत्तर बंगाल विकास मंत्री निशीथ प्रमाणिक और परिवहन राज्य मंत्री आनंदमय बर्मन को जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी करने का निर्देश दिया गया है।