‘एक्स’ बायो से भाजपा का नाम हटाते ही शहजाद पूनावाला के पार्टी छोड़ने की अटकलें तेज

राष्ट्रीय
Spread the love

नयी दिल्ली: 31 जुलाई (ए)) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने शुक्रवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपने प्रोफाइल का परिचय (बायो) बदला, जिसमें उन्होंने भाजपा का कोई उल्लेख नहीं किया। इसके बाद उनके पार्टी छोड़ने की अटकलें तेज हो गईं।

हालांकि, इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, क्योंकि बार-बार संपर्क करने की कोशिश के बावजूद पूनावाला से टिप्पणी नहीं मिल सकी।

अपने नवीनतम बायो में पूनावाला ने लिखा है, ‘‘धर्म -इस्लाम, संस्कृति- हिंदू, विचारधारा- भारतीय, लेखक: जीएसटी की यात्रा; प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आजीवन अनुयायी।’’

उन्होंने अपने ‘एक्स’ खाते पर नवीनतम बायो का ‘स्क्रीनशॉट’ भी साझा किया।

यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब कुछ दिन पहले ही पूनावाला ने भाजपा छोड़ने के संकेत देते हुए कहा था कि सक्रिय राजनीति से आगे बढ़ने का समय आ गया है।

शुक्रवार को उन्होंने ‘एक्स’ पर अपने विभिन्न साक्षात्कारों के उन वीडियो को भी दोबारा साझा किया, जिनमें उन्होंने सक्रिय राजनीति से आगे बढ़ने संबंधी टिप्पणियां की थीं।

उनके इस बदलाव के बाद सोशल मीडिया पर उनके भविष्य को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं।