गोपेश्वर: 19 अगस्त (ए) उत्तराखंड के चमोली जिले के नारायणबगड़ नगर और आसपास के क्षेत्रों में आवारा और हिंसक कुत्तों के आतंक के कारण बुधवार से अगले चार दिन के लिए 10 सरकारी और गैर-सरकारी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
नारायणबगड़ विकासखंड के खंड शिक्षा अधिकारी अनिल नाथ ने बताया कि चमोली के मुख्य शिक्षा अधिकारी ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह आदेश जारी किया है।प्रमुख क्षेत्र पंचायत नारायणबगड़ द्वारा भेजे गए पत्र और जिलाधिकारी चमोली के निर्देशों के अनुपालन में मुख्य शिक्षा अधिकारी आकाश सारस्वत ने इसके आदेश जारी किए हैं। आदेश के तहत इस दौरान अध्यापकों को ऑनलाइन माध्यम से शिक्षण कार्य कराने के निर्देश दिए गए हैं। अवकाश वाले विद्यालयों में रा.आइ.का नारायणबगड़, रा.आइ.का नारायणबगड़, सरस्वती शिशु मंदिर, उत्तरांचल विद्या निकेतन, रा.प्रा.वि. नारायणबगड़, गुरुराम राय पब्लिक स्कूल पंती, रा.प्रा.वि. नलगांव, रा.उ.प्रा.वि. नलगांव, मॉडर्न चिल्ड्रंस एकेडमी और उत्तराखंड विद्यालय निकेतन शामिल हैं।
