नयी दिल्ली: चार जुलाई (ए)
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पी. अशोक और शेख जिलानी के रूप में हुई है।
सीबीआई के एक प्रवक्ता ने बताया कि दोनों को शुक्रवार को बेंगलुरु से गिरफ्तार किया गया। इन पर दक्षिण पश्चिम रेलवे में मालगाड़ी प्रबंधक के पद पर भर्ती के लिए आयोजित सामान्य विभागीय प्रतियोगी परीक्षा (जीडीसीई)-2022 का प्रश्नपत्र कथित रूप से लीक करने का आरोप है।
प्रवक्ता के अनुसार, दक्षिण पश्चिम रेलवे की शिकायत पर सीबीआई ने 23 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। जांच के दौरान अशोक और जिलानी को अतिरिक्त आरोपी के रूप में नामजद किया गया।
सीबीआई ने बताया कि अशोक और जिलानी के ठिकानों पर की गई तलाशी के दौरान आपत्तिजनक दस्तावेज, स्कैनर और प्रिंटर जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, परीक्षा से जुड़े रिकॉर्ड और अभ्यर्थियों के विवरण बरामद किये गए। इन उपकरणों का कथित तौर पर रेलवे परीक्षाओं में धोखाधड़ी के लिए इस्तेमाल किया जाता था।
जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपियों के खिलाफ ऐसे साक्ष्य मिले हैं, जो उन्हें प्रश्नपत्र लीक करने की कथित साजिश और परीक्षा से पहले चुनिंदा अभ्यर्थियों तक प्रश्नपत्र पहुंचाने से जोड़ते हैं।
सीबीआई प्रवक्ता ने बताया कि प्रश्नपत्र लीक करने के इस पूरे गिरोह के दोनों आरोपी मुख्य सरगना हैं।
दोनों आरोपियों को शुक्रवार को बेंगलुरु की एक अदालत में पेश किया गया, जिसने उन्हें चार दिन की सीबीआई हिरासत में भेज दिया।