ठाणे: 16 मई (ए)
आरोपी इकबाल गुड्डु अंसारी (34) भिवंडी का एक कपड़ा मजदूर है जिसे मुंबई के पवई इलाके में उसके ठिकाने से गिरफ्तार किया गया। पुलिस की कई टीम ने तकनीकी निगरानी और खुफिया सूचनाओं की मदद से बृहस्पतिवार को उसे पकड़ लिया।
भिवंडी तालुक पुलिस थाने के निरीक्षक हर्षवर्धन बरावे ने बताया कि बच्चा सुबह करीब साढ़े नौ बजे भिवंडी के सावंधे इलाके में अपने घर के बाहर खेल रहा था, तभी आरोपी उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया।
उन्होंने बताया कि बच्चे के लापता होने के बाद उसके पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद अपहरण का मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी।
बच्चे की तलाश के लिए कई टीम गठित की गईं और तकनीकी निगरानी की मदद से संदिग्ध की विभिन्न इलाकों में तलाश की गई। आखिरकार उसके पवई के खैरानीपाड़ा इलाके में होने का पता लगाया गया।
बरावे ने कहा, ‘‘हमारी टीम ने पवई पुलिस थाने के कर्मियों की सहायता से खैरानीपाड़ा स्थित एक स्थान पर छापा मारा और पांच घंटे के भीतर बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया।’’
उन्होंने कहा, ‘‘जांच में सामने आया कि आरोपी ने बच्चे के साथ बेहद क्रूर व्यवहार किया। इसलिए मामले में किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) कानून, 2015 की धारा 75 को भी जोड़ा गया है, इसके अलावा भारतीय न्याय संहिता के तहत अपहरण से संबंधित धाराएं पहले से लगायी गयी हैं।’’
उन्होंने बताया कि अपहरण के मकसद का पता लगाने के लिए जांच जारी है।