जयपुर: 15 जुलाई (ए) राजस्थान सरकार ने भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 18 अधिकारियों के तबादले किए हैं जिनमें महानिदेशक (डीजी) रैंक के दो अधिकारी भी शामिल हैं।
कार्मिक विभाग ने मंगलवार देर रात इस बारे में आदेश जारी किया। इसके तहत जोधपुर में नया पुलिस आयुक्त और अजमेर व भरतपुर में नए महानिरीक्षक (आईजी) नियुक्त किए गए, साथ ही चार जिलों में नए पुलिस अधीक्षक तैनात किए गए
आईपीएस अनिल पालीवाल को महानिदेशक एवं कमाण्डेन्ट जनरल, गृह रक्षा नियुक्त किया गया है, जबकि आईपीएस मालिनी अग्रवाल को महानिदेशक पुलिस (यातायात) बनाया गया है। आईपीएस शरत कविराज को आईजी, अपराध शाखा की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि आईपीएस अंशुमन भोमिया को पुलिस आयुक्त, जोधपुर नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा आईपीएस राजेंद्र सिंह को आईजी, सतर्कता, जयपुर, आईपीएस डॉ. रवि को आईजी, अजमेर रेंज, आईपीएस कैलाश चंद बिश्नोई को आईजी, आयोजना, आधुनिकीकरण एवं कल्याण तथा आईपीएस डॉ. प्रीति चंद्रा को आईजी, भरतपुर रेंज बनाया गया है।
अन्य प्रमुख बदलावों में आईपीएस प्रदीप मोहन शर्मा को अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (यातायात एवं प्रशासन), जयपुर पुलिस आयुक्तालय, आईपीएस राजेश कुमार कांवट को पुलिस अधीक्षक, बालोतरा तथा आईपीएस नरेंद्र सिंह मीणा को कमाण्डेन्ट, 10वीं बटालियन आरएसी, बीकानेर नियुक्त किया गया है।जोधपुर ग्रामीण के एसपी पी. डी. नित्या को जोधपुर एसीबी का एसपी नियुक्त किया गया है। बालोतरा के एसपी रमेश को पुलिस मुख्यालय में सीबी (ह्यूमन राइट्स) का एसपी बनाया गया है, जबकि प्रथम बटालियन आरएसी, जोधपुर के कमांडेंट पंकज यादव को जोधपुर ग्रामीण का नया एसपी नियुक्त किया गया है।
बीकानेर स्थित 10वीं बटालियन आरएसी के कमांडेंट विशाल जांगिड़ को प्रतापगढ़ का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। अन्य तबादलों में इंटेलिजेंस ट्रेनिंग एकेडमी के निदेशक प्रदीप मोहन शर्मा को जयपुर कमिश्नरेट में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (यातायात एवं प्रशासन) बनाया गया है।किशनगढ़ वृत्त के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अजय सिंह राठौड़ को भरतपुर स्थित 7वीं बटालियन आरएसी का कमांडेंट नियुक्त किया गया है। बीकानेर सदर की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनुष्ठा कालिया को जयपुर कमिश्नरेट में डीसीपी (मुख्यालय) बनाया गया है।
कार्मिक विभाग ने सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नवीन पदस्थापन पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं।
