नयी दिल्ली: 29 अगस्त (ए) जीएसटी परिषद की बैठक केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में 12 सितंबर को होगी।
परिषद सचिवालय की ओर से जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, जीएसटी परिषद की 57वीं बैठक नयी दिल्ली में होनी है और इससे एक दिन पहले 11 सितंबर को अधिकारियों की बैठक आयोजित की जाएगी।
परिषद की बैठक एक साल से अधिक समय के बाद होने जा रही है। जीएसटी परिषद की 56वीं बैठक तीन-चार सितंबर, 2025 को हुई थी। इसमें केंद्र और राज्यों ने माल एवं सेवा कर (जीएसटी) की दरों और कर स्लैब में बड़े बदलाव का फैसला किया था।
जीएसटी परिषद की 57 वीं बैठक में ऐसे कारोबारियों के लिए जीएसटी पंजीकरण प्रक्रिया सरल करने पर चर्चा होने की संभावना है, जो हर महीने 2.5 लाख रुपये से अधिक का ‘कर क्रेडिट’ आगे देने हैं।
वर्तमान में करीब 1.68 करोड़ कारोबार जीएसटी के तहत पंजीकृत हैं।
