Site icon Asian News Service

प्रेमी-प्रेमिका का पहले किया चेहरा काला फिर पहनाई जूतों की माला, गांव में निकाला जुलूस, वीडियो वायरल

Spread the love

आगरा, 06 फरवरी एएनएस। यूपी के आगरा के अछनेरा इलाके से एक ऐसी खबर सामने आई है जहां गांव जखा में पंचों के तुगलकी फरमान ने मानवाधिकार की धज्जियां उड़ा दीं। यहां प्रेमी प्रेमिका को जूते की माला पहनाई गई और मुंह काला करके सिर पर जूते मारे गए। उसके बाद गांव में जुलूस निकाला गया। घटना का आरोपियों ने वीडियो भी बनाया। वीडियो में प्रधान भी दिख रहा है। सोशल मीडिया पर  वीडियाे वायरल होने के बाद पुलिस को मिला। पुलिस ने बताया कि मामला सही है। मुकदमा दर्ज करके कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
घटना सुबह करीब 11 बजे की है। गांव महुअर के मजरा गांव जखा निवासी एक विवाहित महिला के गांव के एक युवक से प्रेम संबंध हैं। बात उजागर होने पर महिला के घर क्लेश हुई थी। महिला का पति उसे लेकर शहर में ताजगंज के तोरा चौकी क्षेत्र में रहने लगा। सात दिन पहले महिला गायब हो गई। गांव में रह रहा उसका प्रेमी भी लापता था। घरवालों को यकीन हो गया कि दोनों भाग गए हैं। शुक्रवार की सुबह प्रेमी अपनी प्रेमिका को लेकर गांव में पहुंचा। अपने घर जाने लगा। दोनों एक ही बिरादरी से हैं। इस बात पर गांव के कुछ लोगों ने विरोध किया। गांव में पंचायत बैठी। आरोप है कि पंचायत में मौजूद पंचों ने फरमान सुनाया कि दोनों जूते की माला पहनाकर मुंह काला करके पूरे गांव में जुलूस निकाला जाए। इसी बीच किसी ने यह मांग रखी कि प्रेमी का सिर भी मुंडवा दिया जाए। ताकि लोग इससे सबक लें। कोई किसी के घर में बहन-बेटियों को प्रेम जाल में नहीं फंसाए। ऐसा ही हुआ। भीड़ में शामिल लोगों ने पहले दोनों को जूते की माला पहनाई। उसके बाद उनके चेहरे काले कर दिए। इतना ही नहीं महिला और उसके प्रेमी के सिर पर पांच-पांच जूते भी मारे। नारे लगाते हुए दोनों का गांव में जुलूस निकाला गया।घटना का वीडियो बनाया गया था। गांव के ही किसी युवक ने उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। यह वीडियो पुलिस तक पहुंच गया। वीडियो 48 सेकेंड का है। वीडियो में एक युवक महिला के चेहरे से जबरन घूंघट हटा रहा है। कुछ लोग बोल रहे हैं कि अब कौन से लाज मार रही है। इसके बाद प्रेमी प्रेमिका के चेहरे पर कालिख पोती जाती है। बाद में उनके सिर पर जूते मारे जाते हैं। वीडियो में कई लोग दिख रहे हैं। वीडियो देखने वालों का दावा है कि ग्राम प्रधान दाता राम भी वीडियो में दिख रहे हैं।
घटना गंभीर है। पुलिस ने कहा कि वीडियो मिलने पर घटना की जानकारी हुई। गांव किरावली चौकी क्षेत्र में आता है। मुकदमा लिखकर आरोपियों को जेल भेजा जाएगा। महिला ताजगंज थाना क्षेत्र से लापता हुई थी। वीडियो गांव का ही है।

Exit mobile version