नयी दिल्ली: एक अक्टूबर (ए) राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने पंजाब के नंगल में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) नेता विकास प्रभाकर की हत्या के मामले से कथित तौर पर जुड़े एक व्यक्ति को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया।
आरोपी हरविंदर कुमार उर्फ सोनू संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में रह रहा था और उसने घटना को अंजाम देने वालों को रसद संबंधी सहायता और वित्तीय मदद कथित तौर पर मुहैया कराई थी। एनआईए ने उसे वांछित घोषित किया था।
एनआईए ने एक बयान में कहा कि कुमार को गहन कूटनीतिक प्रयासों के बाद बृहस्पतिवार को भारत प्रत्यर्पित किया गया।
इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचने के बाद एनआईए ने कुमार को गिरफ्तार कर लिया। उसे यहां की विशेष एनआईए अदालत में पेश किया गया।
यह मामला प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन ‘बब्बर खालसा इंटरनेशनल’ (बीकेआई) के सदस्यों द्वारा प्रभाकर की हत्या किए जाने से संबंधित है।
एनआईए ने हत्या के संबंध में नौ मई, 2024 को प्रकरण दर्ज किया था। इस मामले में अब तक तीन आरोपपत्र दाखिल किए जा चुके हैं।
यह गिरफ्तारी यूएई में रह रहे एक अन्य आरोपी मनवीर राम को 13 अगस्त को गिरफ्तार किए जाने के बाद हुई है।
एनआईए की जांच के अनुसार प्रभाकर की हत्या की साजिश बीकेआई के जर्मनी में मौजूद आकाओं ने रची थी जिनकी पहचान हरजीत सिंह उर्फ लड्डी और कुलबीर सिंह उर्फ सिद्धू के तौर पर हुई है।
बयान के अनुसार, जांच में यह भी सामने आया है कि कुमार ने यूएई में रहते हुए विदेश में सक्रिय बीकेआई के सदस्यों को रसद मुहैया कराने और वित्तीय सहायता देने में अहम भूमिका निभाई।
