वाशिंगटन: 27 जून (एपी) अमेरिका ने होर्मुज जलडमरूमध्य में एक मालवाहक पोत पर एक दिन पहले हुए ड्रोन हमले के जवाब में शुक्रवार को ईरान पर हमले किए।
यह दोनों देशों के बीच महीनों से जारी युद्ध को समाप्त करने की दिशा में काम शुरू करने और इस महत्वपूर्ण जलमार्ग को फिर से खोलने के लिए एक सप्ताह पहले बनी अंतरिम सहमति की अब तक की सबसे बड़ी परीक्षा है।
इस बीच, ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी ने खबर दी है कि अमरीका के हवाई हमलों के जवाब में इस्लामिक रेवोल्यूशनरी गार्ड कोर ने अमरीकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया। ईरानी सेना के प्रवक्ता इब्राहिम अल-फिक़ार ने कहा था इस बार अमरीकी हमले पर ईरान की प्रतिक्रिया तेज और निर्णायक होगी। सोशल मीडिया पर कई पोस्ट में उन्होंने कहा था कि ईरान माकूल जवाब के लिये सही समय और स्थान का चुनाव करेगा।
ब्रिटिश सेना ने बृहस्पतिवार को ओमान के निकट समुद्र में कार्गो शिप को निशाना बनाये जाने की बात कही थी। इससे कुछ घंटे पहले ही ईरान ने इस मार्ग के इस्तेमाल के खिलाफ धमकी दी थी।