गुजरात में अपहृत किशोर समेत तीन नाबालिगों को बाल मजदूरी से कराया गया मुक्त, दो गिरफ्तार

राष्ट्रीय
Spread the love

अहमदाबाद: छह सितंबर (ए) गुजरात की अहमदाबाद अपराध शाखा ने तीन नाबालिग लड़कों को बाल मजदूरी से मुक्त कराया है और एक ठेकेदार तथा एक पशुपालक को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक का 2022 में अपहरण कर लिया गया था और उससे कथित तौर पर बाल मजदूरी करवाई जा रही थी। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि एक सूचना के आधार पर पुलिस टीमों ने नादिसार गांव में छापा मारा और लापता किशोर के साथ-साथ 16 और 17 साल के दो अन्य नाबालिगों को भी बचाया, जिन्हें जबरन खेती और पशुपालन के काम में लगाया गया था।

सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) भारत पटेल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान श्रमिक ठेकेदार दिनेश ओड़ (47) और पशुपालक भरत भारवाड़ (35) के रूप में हुई है। दोनों पंचमहल जिले के गोधरा के पास नदिसार गांव के निवासी हैं।

पटेल ने बताया कि मुक्त कराए गए किशोर के पिता मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं और उसकी मां की मृत्यु हो चुकी है। इसलिए किशोर को उसके पैतृक चाचा को सौंप दिया गया है।

एसीपी ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों को जांच के लिए सोला पुलिस को सौंपा जाएगा।