दम्पति समेत तीन लोगों की गोली मारकर हत्या

मंदसौर मध्य प्रदेश
Spread the love

मन्दसौर,एक जनवरी (ए)। मध्य प्रदेश के मन्दसौर शहर में गोल चौराहा क्षेत्र में कल रात एक दम्पति समेत तीन लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलते ही एसपी विनोद कुमार मीणा, एडिशनल एसपी टीएस बघेल सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।एसपी विनोद कुमार मीणा ने बताया कि पुलिस को मौके से तीन शव मिले हैं, जिसमें से दो पुरूष और एक महिला थीं। मृतकों की पहचान दिलीप जैन और रेखा जैन के रूप में हुई है। तीसरे की पहचान की जा रही है। उसके हाथ में बंदूक और चाकू थे। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। बाद में यह जानकारी सामने आई कि वह विकास नामक व्यक्ति है, जो निम्बाहेड़ा निवासी है और उसके पिता का नाम गोपाल सोनी है। घटना के समय तीनों लोग घर के अंदर मौजूद थे। रिपोर्ट आने के बाद ही इस बारे में ज्यादा कुछ कहा जा सकेगा। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की है। घटना के वक्त घर बंद था। सीसीटीवी से पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे हैं। इनके आधार पर पुलिस आगे की जांच कर रही है।पुलिस के अनुसार, इस सनसनीखेज वारदात के पीछे व्यापारिक लेन-देन से जुड़े विवाद की आशंका जताई जा रही है। साथ ही, प्रारंभिक जानकारी के आधार पर पारिवारिक विवाद का एंगल भी जांच में शामिल किया गया है।