मुंबई: 28 नवंबर (ए) मुंबई के पूर्वी उपनगर गोवंडी स्थित आवासीय इमारत में शनिवार तड़के आग लगने से एक वर्षीय बच्ची समेत एक ही परिवार के तीन सदस्य गंभीर रूप से झुलस गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि शिवाजी नगर मार्ग नंबर-3 स्थित चार मंजिला इमारत की पहली मंजिल के एक कमरे में आग लगने की सूचना तड़के करीब तीन बजकर 40 मिनट पर मिली।
नगर निकाय के एक अधिकारी ने बताया कि आग बिजली के तारों, विद्युत उपकरणों, कपड़ों और दोपहिया वाहन की बैटरी तक सीमित थी, जिसे सुबह 4.22 बजे तक बुझा दिया गया।
अधिकारी ने बताया कि पीड़ितों की पहचान सलमान खान (30), उनकी पत्नी रोशना (29) और बेटी सुबरा फातिमा के रूप में हुई है, जिन्हें गंभीर हालत में सायन अस्पताल ले जाया गया।
उन्होंने कहा कि आग लगने के सही कारण और इससे हुए नुकसान का अभी पता लगाया जा रहा है।
