जालौन: 18 जून (ए)
माधवगढ़ के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) अंबुज यादव ने बताया कि मध्यप्रदेश के भिंड जिले के करीब 17 युवक एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए माधवगढ़ कोतवाली क्षेत्र के गोपालपुरा गांव आए थे। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार को सभी युवक स्नान करने के लिए गांव के पास पहुज नदी पहुंचे।
यादव के मुताबिक, नहाने के दौरान जगमोहन बघेल (19), सुधीर बघेल (19) और अवनीश यादव (20) गहरे पानी में चले गए तथा डूबने लगे। उन्होंने बताया कि मौके पर मौजूद अन्य युवकों और ग्रामीणों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक तीनों नदी में लापता हो चुके थे।
यादव के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। उन्होंने बताया कि उपजिलाधिकारी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
यादव ने बताया कि स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवकों की तलाश जारी है। उन्होंने बताया कि प्रशासन ने राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) को भी घटना के बारे में सूचित कर दिया है।