वाशिंगटन: 11 मई (ए)
ट्रंप ने रविवार को ‘ट्रुथ सोशल’ पर पोस्ट किया, ‘‘मैंने अभी-अभी ईरान के तथाकथित ‘प्रतिनिधियों’ का जवाब पढ़ा। मुझे यह बिल्कुल पसंद नहीं आया – यह पूरी तरह अस्वीकार्य है।’’
इससे पहले ट्रंप ने ईरान पर लगभग 50 वर्षों से अमेरिका के साथ खेल खेलने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा, ‘‘अब वे ज्यादा समय तक खुश नहीं रह पाएंगे।’’
ट्रंप ने अमेरिकी मीडिया आउटलेट ‘एक्सियोस’ से कहा, ‘‘मुझे उनका पत्र पसंद नहीं आया। यह ठीक नहीं है। मुझे उनकी प्रतिक्रिया पसंद नहीं आई।”
हालांकि उन्होंने ईरान के जवाब के बारे में और अधिक जानकारी देने से इनकार कर दिया।
इसी बीच, रिपब्लिकन पार्टी से सांसद लिंडसे ग्राहम ने कहा कि ट्रंप को अब सैन्य कार्रवाई करने पर विचार करना चाहिए।
उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मैं राष्ट्रपति ट्रंप के ईमानदार प्रयासों की सराहना करता हूं, जो ईरानी आतंकवादी शासन के व्यवहार में बदलाव लाने के लिए कूटनीतिक समाधान तलाश रहे हैं।’’
ग्राहम ने कहा, ‘‘ हालांकि, अंतरराष्ट्रीय नौवहन पर उनके लगातार हमलों, हमारे सहयोगियों पर निरंतर हमलों और अब अमेरिका के कूटनीतिक प्रस्ताव पर पूरी तरह अस्वीकार्य प्रतिक्रिया को देखते हुए, मेरी राय में अब दिशा बदलने पर विचार करने का समय आ गया है।’’