ट्रंप ने बुधवार तक समझौता न होने पर ईरान पर बमबारी की धमकी दी, युद्धविराम बढ़ाने से किया इनकार

अंतरराष्ट्रीय
Spread the love

वाशिंगटन: 21 अप्रैल (ए)) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि अगर तेहरान बुधवार को समाप्त हो रहे दो सप्ताह के युद्धविराम से पहले अमेरिका के साथ किसी समझौते पर सहमत नहीं होता है, तो वह ईरान पर बमबारी शुरू कर देंगे।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सीएनबीसी को दिए एक साक्षात्कार में बहुत स्पष्ट शब्दों में कहा है कि कूटनीति के लिए अब और समय देना मुमकिन नहीं है। ट्रंप ने कहा कि हमारे पास इतना समय नहीं है। समय सीमा 22 अप्रैल है और मैं संघर्षविराम को बढ़ाना नहीं चाहता।

जब उनसे पूछा गया कि क्या समझौता न होने पर वह फिर से सैन्य कार्रवाई करेंगे, तो ट्रंप ने बिना झिझक कहा कि वह बमबारी की उम्मीद कर रहे हैं क्योंकि उनका मानना है कि इसी रवैये के साथ आगे बढ़ना बेहतर है। ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका इस समय वार्ता में बहुत मजबूत स्थिति में है और वह वह काम कर रहे हैं जो पिछले 47 वर्षों में किसी राष्ट्रपति ने नहीं किया।इस युद्ध को रोकने के लिए पाकिस्तान के इस्लामाबाद में दूसरे दौर की सीधी वार्ता प्रस्तावित थी, लेकिन इसकी सफलता पर अब संकट के बादल मंडरा रहे हैं। ट्रंप ने द न्यूयॉर्क पोस्ट को बताया कि उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और सलाहकार जेरेड कुश्नर के नेतृत्व में एक उच्च स्तरीय अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल पाकिस्तान के लिए रवाना हो चुका है, लेकिन उनके वहां पहुंचने को लेकर विरोधाभासी खबरें सामने आ रही हैं। दूसरी ओर, ईरान ने अभी तक यह पुष्टि नहीं की है कि वह अपना प्रतिनिधिमंडल भेजेगा या नहीं। ईरान के संसद अध्यक्ष मोहम्मद बागेर गालिबफ ने दोटूक कहा है कि उनका देश धमकियों के साये में कोई बातचीत स्वीकार नहीं करेगा।