दो भाइयों ने बहन की गला घोंटकर हत्या की, आत्महत्या का मामला दिखाने के लिए शव फंदे से लटकाया

उत्तर प्रदेश भदोही
Spread the love

भदोही (उप्र): सात नवंबर (ए) भदोही जिले में दो भाइयों ने एक युवक से संबंध होने के कारण अपनी बड़ी बहन की कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी और माता-पिता की मदद से शव को फंदे पर लटका दिया, ताकि यह आत्महत्या का मामला लगे। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) शुभम अग्रवाल ने बताया कि तेरस बिंद की बेटी खुशी बिंद (21) का शव चार नवंबर को गोपीगंज थाना क्षेत्र के जखांव गांव स्थित उसके घर में लटका मिला था।

उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, जिसकी शुक्रवार को प्राप्त रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि उसकी गला घोंटकर हत्या की गई और शव फंदे से लटका दिया गया।

अग्रवाल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद शुक्रवार को पीड़िता के पिता की ओर से मिली शिकायत के आधार पर मामला दर्ज करके जांच शुरू की गई।

पूछताछ के दौरान सूरज बिंद (18) और 15 वर्षीय नाबालिग भाई ने कथित तौर पर उसका गला घोंटने की बात स्वीकार की।

एएसपी ने बताया कि भाइयों ने पुलिस को बताया कि उनकी बहन एक युवक से फोन पर बात करती थी, जिसका परिवार विरोध करता था।

पुलिस के अनुसार चार नवंबर को जब वह फोन पर बात कर रही थी, तो भाइयों ने आपत्ति जताई, जिसके बाद हुए विवाद के दौरान उन्होंने उसका गला घोंट दिया।

उन्होंने बताया कि मौत के बाद शव को घर के अंदर लटका दिया गया ताकि घटना को आत्महत्या का रूप दिया जा सके।