नयी दिल्ली: 28 मई (ए)
अधिकारियों के अनुसार, दोनों महिलाओं की पहचान सरोज बाला और उनकी रिश्तेदार चंद्रकांता के रूप में हुई है, दोनों लगभग 80 वर्ष की थीं।
पुलिस ने बताया कि सरोज बाला अविवाहित थीं और पिछले कई वर्षों से चंद्रकांता के साथ उसी घर में रह रही थीं। उनकी गृह सहायिका ने बृहस्पतिवार सुबह करीब 10:30 बजे पुलिस को घर से बदबू आने की सूचना दी।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, “घर के बरामदे की सफाई करने वाली गृह सहायिका ने पाया कि सभी दरवाजे अंदर से बंद थे।”
अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान दोनों महिलाओं के शव एक कमरे में मिले, जिनमें से एक बिस्तर पर और दूसरी फर्श पर पड़ी थी।
पुलिस को आशंका है कि उनकी मौत एक या दो दिन पहले हुई होगी, क्योंकि घर से दुर्गंध आने लगी थी। पड़ोसियों ने भी हाल के दिनों में दोनों महिलाओं को नहीं देखा था।
अधिकारी ने कहा कि यह एक मंजिला मकान है जिसमें चार प्रवेश द्वार हैं। निरीक्षण के दौरान जबरन प्रवेश, तोड़फोड़ या हाथापाई के कोई निशान नहीं मिले हैं।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या दोनों महिलाएं किसी उम्र संबंधी बीमारी से पीड़ित थीं या घर में पारिवारिक सहायता के बिना रह रही थीं।
अधिकारियों के अनुसार, पड़ोसियों और स्थानीय लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा, “प्रारंभिक जांच में किसी तरह की गड़बड़ी के संकेत नहीं मिले हैं, हालांकि आकस्मिक मृत्यु और चिकित्सीय कारणों सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।”
पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।