वाराणसी/नयी दिल्ली: 16 अगस्त (ए) उत्तर प्रदेश में वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के टर्मिनल भवन में रविवार सुबह जांच के दौरान एक यात्री की लाइसेंसी पिस्तौल से कथित तौर पर गलती से चली गोली से एक महिला कर्मचारी और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए। नागर विमानन मंत्रालय ने यह जानकारी दी।
मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो (बीसीएएस)इस घटना से जुड़ी परिस्थितियों की जांच कर रहा है, जिसमें हवाई अड्डों पर लाइसेंस वाले हथियारों को ले जाने के लिए तय प्रक्रियाओं का पालन करना भी शामिल है। पुलिस ने बताया कि मुंबई जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस से यात्रा करने के लिए आजमगढ़ निवासी कमलेश राय पत्नी के साथ हवाई अड्डे पहुंचे थे। उनके पास लाइसेंसी पिस्तौल थी।
उन्होने बताया कि जांच के दौरान पिस्टल की जांच और उसमें मौजूद गोलियों की गिनती की जा रही थी, तभी अचानक गोली चल गयी। उन्होंने बताया कि इस घटना में जांच कर रही महिला कर्मचारी के पैर में और पास खड़े एक अन्य व्यक्ति घायल हो गये, दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। वाराणसी हवाई अड्डा निदेशक ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मुंबई जाने वाले यात्री ने खुद ही अपने पास हथियार होने की जानकारी दी थी। जब नियमानुसार वेपन चेक की प्रक्रिया चल रही थी, उसी दौरान गलती से गोली चल गई, जिसमें दो कर्मचारी घायल हुए हैं।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। सुरक्षा एजेंसियों ने यात्री कमलेश राय को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से छानबीन कर रही है।
