मेडिकल कॉलेज के दो विद्यार्थियों की तिघरा बांध में डूबने से मौत

ग्वालियर मध्य प्रदेश
Spread the love

ग्वालियर, 14 जून (ए)) मध्यप्रदेश के ग्वालियर स्थित गजराराजा सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीआरएमसी) एवं अस्पताल में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे दो विद्यार्थियों की तिघरा बांध में डूबने से मौत हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, घटना शनिवार रात को हुई, जिसके बाद एक छात्र का शव बरामद कर लिया गया जबकि दूसरे शव तलाश अब भी जारी है।

तिघरा थाना क्षेत्र के उपनिरीक्षक गौतम सिंह ने पत्रकारों को बताया कि मेडिकल कॉलेज के कुछ छात्र शनिवार शाम को तिघरा बांध में वोट क्लब इलाके से करीब दो किलोमीटर दूर पिकनिक मना रहे थे।

उन्होंने बताया कि इस दौरान उनमें से दो छात्र बीना निवासी गोपाल अग्रवाल और बिहार के मुजफ्फरपुर के आयुष श्रीवास्तव गहरे पानी में जाने से डूब गए।

अधिकारी ने बताया कि अग्रवाल के शव को शनिवार रात में ही निकाल लिया गया था और रविवार को उसका पोस्टमार्टम कराया गया।

उन्होंने बताया कि बचावकर्मी आयुष की तलाश कर रहे हैं।

मेडिकल कॉलेज के डीन आर. के. एस धाकड़ ने बताया कि शनिवार शाम आठ छात्र तिघरा गए थे, जिनमें से दो छात्र डूब गए।

उन्होंने बताया कि घटना की सूचना दोनों के परिजनों को दी गई थी और वे ग्वालियर आ गए हैं।

पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।