ईएसएल स्टील संयंत्र में गैस की चपेट में आने से दो लोगों की मौत

झारखण्ड रांची
Spread the love

रांची: 11 अक्टूबर (ए) झारखंड के बोकारो जिले में ईएसएल स्टील संयंत्र में रविवार को गैस की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई। कंपनी के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

कंपनी के प्रवक्ता ने कहा कि हादसे की स्वतंत्र जांच कराई जाएगी और उसके निष्कर्षों के आधार पर उचित कदम उठाए जाएंगे।

ईएसएल के एक प्रवक्ता ने कहा, “संयंत्र में गैस की चपेट में आने की एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई, जिसमें कंपनी के एक अधिकारी और एक कारोबारी साझेदार इंजीनियर की मौत हो गई।”

बोकारो स्थित ईएसएल स्टील लिमिटेड, वेदांता आयरन एंड स्टील लिमिटेड (वीआईएसएल) की अनुषंगी कंपनी है। कंपनी के प्रवक्ता ने हादसे के बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी।

बोकारो के पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने ” बताया कि मृतकों की पहचान बोकारो के रामगढ़ निवासी सोहन महतो और धनबाद जिले के समीर अंसारी के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि यह हादसा बोकारो के चंदनकियारी प्रखंड में सियालजोरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत कंपनी के कार्यस्थल पर हुआ।

सियालजोरी थाने के प्रभारी रंजीत प्रसाद यादव ने कहा कि मृतकों के परिजनों के पहुंचने के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि मुआवजे के भुगतान को लेकर श्रमिक संघ और कंपनी के अधिकारियों के साथ बातचीत की जा रही है।

राज्य के मुख्य कारखाना निरीक्षक मनीष कुमार सिन्हा ने ‘ बताया कि बोकारो के कारखाना निरीक्षक शिवानंद लगुरी को घटनास्थल का दौरा करने, विस्तृत जांच करने और जल्द से जल्द रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है।

सिन्हा ने कहा, “प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि कार्बन मोनोऑक्साइड गैस की चपेट में आने से दोनों की मौत हुई। हालांकि, हम कोई टिप्पणी करने से पहले जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार करेंगे।”