
इन 7.2 और 7.5 तीव्रता के भूकंपों ने पूरे क्षेत्र को हिलाकर रख दिया, जिसके कारण कई शहरों में इमारतों को खाली कराना पड़ा और इसके झटके करीब 1,700 किलोमीटर दूर ब्राजील के अमेजन तक महसूस किए गए।
भूकंप के तेज झटकों से काराकास समेत कई शहरों में इमारतें हिल गईं और कुछ जगहों पर इमारतें ढह गईं। अचानक आए झटकों के बाद लोग घबराकर घरों और दफ्तरों से बाहर निकल आए। कई इलाकों में सड़कों पर धूल का गुबार फैल गया और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।वेनेजुएला के गृह मंत्री डियोसदादो काबेलो ने बताया कि इस आपदा में कई लोग घायल हुए हैं, जबकि नुकसान का पूरा आकलन अभी किया जा रहा है। प्रशासन ने प्यूर्टो रिको और वर्जिन द्वीप समूह के लिए सुनामी का अलर्ट भी जारी किया है।
कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने बुधवार देर रात राष्ट्र के नाम एक संक्षिप्त संबोधन में कहा कि इन भूकंपों के कारण कई राज्यों में नुकसान हुआ है, लेकिन उन्होंने क्षतिग्रस्त हुए घरों, इमारतों, घायलों या मौतों का कोई सटीक आंकड़ा नहीं दिया।
उन्होंने कहा कि भूकंप ने देश के मुख्य हवाई अड्डे सिमोन बोलिवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को बुरी तरह नुकसान पहुंचाया है जिसके कारण उसे बंद करना पड़ा। उन्होंने यह भी कहा कि अगले कुछ दिनों के लिए स्कूल और कॉलेज की छुट्टियां घोषित कर दी गई हैं।
रोड्रिगेज ने कहा, “हम अपनी जनता से शांति बनाए रखने की अपील करते हैं। हम एकजुटता की अपील करते हैं।” उन्होंने देश के सभी स्वास्थ्य सेवा पेशेवरों से भी अपील की कि वे घायलों की मदद के लिए तुरंत अस्पतालों में अपनी ड्यूटी पर पहुंचें।
फाल्कन प्रांत के गवर्नर विक्टर क्लार्क ने कहा कि 32 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और घटना के चार घंटे से अधिक समय बाद भी 15 लोग मलबे में फंसे हुए हैं।
अमेरिकी भूगर्भ सर्वेक्षण (यूएसजीएस) के अनुसार, पहले भूकंप की तीव्रता 7.1 मापी गई थी जिसे बाद में 7.2 बताया गया। इसका केंद्र देश के कैरेबियाई तट पर स्थित मोरोन के पश्चिम में जमीन के भीतर 13 किलोमीटर की गहराई में था। यह जगह काराकस से करीब 168 किलोमीटर दूर स्थित है।
यूएसजीएस ने ठीक एक मिनट बाद 7.5 तीव्रता के दूसरे और अधिक शक्तिशाली भूकंप की सूचना दी। इस भूकंप का केंद्र मोरोन से 16 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में जमीन के भीतर 10 किलोमीटर की गहराई में था।
वेनेजुएला में एक सदी से भी अधिक समय में आए इन सबसे शक्तिशाली भूकंपों के झटके शाम छह बजे के बाद महसूस किए गए।
काराकस में भूकंप के झटकों से इमारतें हिलने लगीं तो लोग घबराकर बाहर निकल आए और लंबे समय तक खुले स्थानों पर रहे। इमारतों की पूरी-की-पूरी दीवारें ढह जाने के बाद कई लोगों के चेहरे पर दहशत साफ दिखाई दे रही थी। राजधानी के दो इलाकों में धूल के गुबार भी उठते दिखाई दिए। ये ऐसे व्यस्त क्षेत्र हैं, जहां आमतौर पर रेस्तरां और अन्य कारोबारी प्रतिष्ठानों में काफी चहल-पहल रहती है।
इमारतें ढहने, बिजली के खंभे गिरने और मलबे के कारण सड़कें अवरुद्ध हो गईं। राजधानी के कुछ हिस्सों में बिजली गुल हो गई और मोबाइल नेटवर्क ठप हो गया।
काराकस के निवासी हेक्टर रिक्की ने कहा, “शुरुआत में मामूली झटके थे लेकिन धीरे-धीरे इनकी तीव्रता बढ़ती चली गई और आखिर में हम सभी को अपने घरों को छोड़कर बाहर आना पड़ा।”
वेनेजुएला के कई इलाकों में मोबाइल फोन नेटवर्क ठप हो जाने से लोगों की चिंता और बढ़ गई। खास तौर पर अपने परिवारों को लेकर वो लोग अधिक चिंतित रहे जो देश के लंबे आर्थिक और सामाजिक संकट के दौरान विदेश चले गए थे। वेनेजुएला छोड़ चुके 77 लाख से अधिक लोग अपने प्रियजनों की कुशलक्षेम जानने के लिए परेशान रहे।
गृह मंत्री दियोस्दादो काबेलो ने कहा कि भूकंप के झटके कई राज्यों में महसूस किए गए होंगे। उन्होंने बताया कि काराकस के अल्टामिरा इलाके में मकानों और इमारतों के ढहने के कारण ”स्थिति चिंताजनक” बनी हुई है तथा कई लोगों के घायल होने की आशंका है।
उन्होंने वाहन चालकों से एम्बुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहनों को प्राथमिकता देते हुए उन्हें रास्ता देने की अपील की।
काबेलो ने सरकारी टेलीविजन पर कहा, “हम समझते हैं कि लोग बेहद चिंतित और परेशान हैं, लेकिन हम निर्धारित प्रक्रियाओं के तहत राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर रहे हैं, ताकि ज्यादा से ज्यादा जरूरतमंद लोगों तक मदद पहुंचाई जा सके।”
उन्होंने लोगों से सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा, “बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें। एक-दूसरे से संपर्क में रहें और यह सुनिश्चित करें कि किसी को कोई नुकसान न पहुंचे।”
काराकस के निवासी रॉबर्टो डमास ने कहा, “इमारत सचमुच एक ओर से दूसरी ओर हिल रही थी। यह किसी अविश्वसनीय दृश्य जैसा था। भूकंप के झटके बेहद शक्तिशाली थे। हम सड़क पर चल रहे थे और झटकों के कारण डगमगाने लगे। घर के भीतर रखा लगभग सारा सामान गिर गया। भगवान का शुक्र है कि हम सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहे।”अल साल्वाडोर के राष्ट्रपति नायब बुकेले ने इन भूकंपों के बाद वेनेजुएला के साथ एकजुटता व्यक्त करते हुए कहा कि उनका देश “इस कठिन समय में वेनेजुएला के लोगों के साथ है।”
टेलीविजन ग्लोबो की खबर के अनुसार, ब्राजील के अमेजन क्षेत्र में स्थित मनौस, बेलेम और मकापा शहरों में इमारतों को खाली करा लिया गया।
इन भूकंपों के झटके कोलंबिया के कैरेबियाई और पूर्वोत्तर क्षेत्रों में भी महसूस किए गए, लेकिन वहां किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। कोलंबिया के एक प्राधिकरण ने एक बयान में कहा कि देश के कैरेबियाई तट को सुनामी का कोई खतरा नहीं है।
अमेरिकी प्रशांत सुनामी चेतावनी केंद्र ने वर्जिन आइलैंड्स के लिए सुनामी का अलर्ट जारी किया। डोमिनिकन गणराज्य के अधिकारियों ने भी अपने द्वीप क्षेत्र के लिए चेतावनी जारी की। हालांकि, प्यूर्टो रिको के लिए पहले जारी किया गया अलर्ट बाद में वापस ले लिया गया।