कोटा (राजस्थान): 18 सितंबर (ए) राजस्थान के बूंदी स्थित जिला महिला अस्पताल में ‘सिजेरियन’ प्रसव कराने वाली दो महिलाओं की कोटा के अलग-अलग निजी अस्पतालों में मौत हो गई। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि महिलाओं की मौतों के बाद अधिकारियों ने बूंदी अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर को सील कर दिया है, जबकि अस्पताल की एक महिला स्त्री रोग विशेषज्ञ को उनके वर्तमान कर्तव्यों से मुक्त कर दिया गया है।
बृहस्पतिवार को बूंदी अस्पताल में ऐसी ही स्थिति में दो अन्य महिलाओं की हालत बिगड़ गई थी, जिसके बाद अधिकारियों को उन्हें कोटा के राजकीय मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) रेफर करने के लिए मजबूर होना पड़ा।
अधिकारियों ने कहा कि उच्च जोखिम गर्भावस्था वाली दस अन्य महिलाएं फिलहाल प्रसव के लिए बूंदी अस्पताल में भर्ती हैं।
टोंक जिले की कविता कुमावत (32) और बूंदी जिले की वर्षा सैन (28) को मंगलवार को जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बुधवार को उनका ‘सिजेरियन’ ऑपरेशन हुआ और उन्होंने बच्चों को जन्म दिया।
हालांकि, बच्चों के स्वस्थ होने की सूचना मिली थी, लेकिन दोनों महिलाओं की सर्जरी के कुछ ही देर बाद हालत बिगड़ने लगी, जिसके बाद उन्हें जीएमसी कोटा रेफर कर दिया गया।
जीएमसी से उनके परिवार वाले उन्हें कोटा के अलग-अलग निजी अस्पतालों में ले गए, जहां बुधवार दोपहर इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
