कीव: 14 जुलाई (एपी) यूक्रेन की वायुसेना ने मंगलवार को दावा किया कि उसने रूस द्वारा रातभर किए गए हमलों के दौरान दागी गई पांच बैलिस्टिक मिसाइलों को निष्क्रिय कर दिया। हालांकि, कुछ अन्य मिसाइलें और ड्रोन यूक्रेन की वायु रक्षा प्रणाली को भेदने में सफल रहे तथा राजधानी कीव में गोदामों व एक स्कूल को निशाना बनाया।
करीब दो सप्ताह में यह पहली बार है जब यूक्रेन ने रूस की बैलिस्टिक मिसाइलों को मार गिराने का दावा किया है। बैलिस्टिक मिसाइलों को ड्रोन या क्रूज मिसाइलों की तुलना में रोकना अधिक कठिन माना जाता है। रूस ने चार वर्ष से जारी युद्ध के दौरान इनका व्यापक पैमाने पर इस्तेमाल किया है
यूक्रेन की वायुसेना के अनुसार, एक बैलिस्टिक मिसाइल और 25 ड्रोन देशभर के 17 स्थानों पर गिरे। हमलों के बाद कई जगह मलबा भी गिरा और कीव में दो गोदामों में आग लग गई तथा एक स्कूल को नुकसान पहुंचा।
फ्रांस में बैस्टिल दिवस समारोह में शामिल होने के बाद पेरिस में मौजूद यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन और उसके अंतरराष्ट्रीय साझेदार मिलकर अगले एक वर्ष में कम लागत वाली और बड़े पैमाने पर तैयार की जा सकने वाली वायु रक्षा प्रणाली विकसित कर सकते हैं।
इस बीच, रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि ये हमले कीव में लंबी दूरी की मिसाइलों और ड्रोन बनाने वाली सैन्य उत्पादन इकाइयों को निशाना बनाकर किए गए।
