लखनऊ: नौ मई (ए)
‘जन भवन’ की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्यपाल से मुलाकात कर उन्हें श्री लालचंद राम द्वारा लिखित पुस्तक “भारतीय ज्ञान परंपरा अवधारणा” भेंट की।
राज्यपाल से मुख्यमंत्री की इस मुलाकात के राजनीतिक निहितार्थ निकाले जा रहे हैं। राज्य में लंबे समय से मंत्रिपरिषद विस्तार की चर्चाएं चल रही हैं और माना जा रहा है कि इस पर जल्द निर्णय हो सकता है। पश्चिम बंगाल और असम समेत कई राज्यों में हालिया राजनीतिक घटनाक्रमों के बीच राजनीतिक विश्लेषकों का अनुमान है कि उत्तर प्रदेश सरकार में भी जल्द विस्तार संभव है।
उत्तर प्रदेश की 403 सदस्यीय विधानसभा में अधिकतम 60 मंत्री हो सकते हैं, जबकि वर्तमान में कुछ मंत्री पद रिक्त बताए जा रहे हैं। अगले वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मंत्रिपरिषद विस्तार को राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कुछ राजनीतिक जानकारों का दावा है कि यह विस्तार रविवार या सोमवार तक हो सकता है, हालांकि अभी तक सरकार की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
उत्तर प्रदेश में लंबे समय से चर्चाओं में चल रहे मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक, 10 मई को योगी आदित्यनाथ सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार हो सकता है। इस दौरान छह नए मंत्री शपथ ले सकते हैं। दरअसल, उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल में फिलहाल 54 मंत्री हैं, जबकि संवैधानिक प्रावधानों के तहत राज्य में अधिकतम 60 मंत्री हो सकते हैं। ऐसे में छह पद अभी खाली हैं, जिन्हें इस विस्तार के जरिए भरा जा सकता है।