गोरखपुर: दो अगस्त (ए)
पुलिस के अनुसार, यह हादसा रविवार सुबह करीब साढ़े चार बजे बांसगांव क्षेत्र में हरनही अंडरपास के पास हुआ। यह वाहन कानपुर जिले के फतेहपुर से गोरखपुर स्थित फॉर्च्यून कंपनी का सामान लेकर जा रहा था। इसी दौरान चालक कथित तौर पर वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा।
पुलिस ने बताया कि डीसीएम पहले सेंट्रल डिवाइडर से टकराई, जिससे डिवाइडर का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद वाहन अंडरपास की संरचना से टकराते हुए नीचे गिर गया। दुर्घटना में डीसीएम का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
हरनही चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक राजेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने राहत एवं बचाव अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे दो लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने मृतकों की पहचान फतेहपुर जिले के बिंदकी थाना क्षेत्र के कमरापुर गांव निवासी ओम प्रकाश उत्तम (45) और बकेवर थाना क्षेत्र के बहुरा का पुरवा निवासी सुनील उत्तम (46) के रूप में की है।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और चालक की थकान को दुर्घटना का संभावित कारण माना जा रहा है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।