उप्र: नवरात्र के प्रथम दिन मां विंध्याचल धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़

उत्तर प्रदेश मिर्जापुर
Spread the love

मिर्जापुर: 11 अक्टूबर (ए) उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में शारदीय नवरात्र के पहले दिन रविवार को मां विंध्यवासिनी के दर्शन-पूजन के लिए विंध्याचल धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।

सुबह चार बजे मंगला आरती के बाद से ही भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया।

पंडा समाज के सदस्य हर्ष शुक्ला के मुताबिक, पूर्वाह्न 10 बजे तक करीब तीन लाख श्रद्धालु मां विंध्यवासिनी के दर्शन कर चुके थे और मंदिर के चारों प्रवेश द्वारों पर लंबी कतारें लगी रहीं।

मां के जयकारों से पूरा धाम भक्तिमय हो गया।

जौनपुर से आए अंकित वर्मा ने बताया कि वह सुबह आठ बजे से कतार में लगे हैं, लेकिन भक्तिमय माहौल के कारण उन्हें कोई परेशानी नहीं हो रही है।

प्रयागराज से आए विनय कुमार ने बताया कि वह पिछले 15 वर्षों से लगातार दोनों नवरात्र के पहले दिन मां के दर्शन करने आते हैं।

उन्होंने कहा कि यहां मिलने वाली आध्यात्मिक अनुभूतियों को शब्दों में बयां करना मुश्किल है।

बिहार के सासाराम से आए दीनानाथ ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में विंध्याचल में सुविधाएं बढ़ी हैं और अब दर्शन करने में कम समय लगता है।

उन्होंने कहा कि नवरात्र के दौरान पुलिस की व्यवस्था से धक्का-मुक्की भी कम होती है।

नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी गोपाल लाल गुप्ता ने बताया कि श्रद्धालुओं के लिए साफ-सफाई, पेयजल और धूप से बचाव के लिए तिरपाल की व्यवस्था की गई है।

सूचना अधिकारी ओम प्रकाश उपाध्याय ने बताया कि इस वर्ष पिछले वर्षों की तुलना में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ी है और सुबह से ही लंबी कतारें लगी हुई हैं।