उप्र: लॉरेंस बिश्नोई की पत्नी बनकर धमकी देने वाली महिला गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश मुजफ्फर नगर
Spread the love

मुजफ्फरनगर: 12 सितंबर (ए) राजस्थान की एक महिला को जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की कथित तौर पर पत्नी बनकर सोशल मीडिया पर जाट नेता को धमकी देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

शामली के पुलिस अधीक्षक एन. पी. सिंह ने बताया कि आरोपी की पहचान राजस्थान के जयपुर निवासी बिंदु देवी के रूप में हुई है और उसे जाट नेता मुकुल चौधरी की शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया। पुलिस अधीक्षक नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि महिला मूल रूप से बिहार के बक्सर की रहने वाली है। पति से आठ साल पहले तलाक होने के बाद वह जयपुर में रह  रही थी और मॉल आदि में बाउंसर का काम करती थी।

एसपी के अनुसार, महिला ने सोशल मीडिया पर यू-ट्यूबर नीरज की वीडियो देखी थी। उसका कहना था कि वीडियो में मुकुल लॉरेंस के बारे में अपशब्द कह रहा था। इसके बाद महिला ने सोशल मीडिया से नीरज का नंबर लेकर उसे और मुकुल को लॉरेंस के बारे में कुछ भी कहने पर जान से मारने की धमकी दी।

पुलिस ने महिला के पास से वह मोबाइल फोन भी बरामद किया है, जिससे धमकी दी गई थी। महिला ने पुलिस के सामने कहा कि पति से तलाक के बाद से ही वह लॉरेंस को अपना पति मानती है। वह आज तक उससे नहीं मिली, लेकिन यदि किसी ने लॉरेंस के बारे में कुछ कहा तो वह उसे सबक सिखाएगी। महिला ने कहा कि कोई गलत करेगा तो वह मरेगा ही। गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बारे में भी उसने कहा कि मूसेवाला ने लॉरेंस को गलत कहा था, इसलिए उसकी हत्या कराई गई। उसने कहा कि मौका मिला तो वह लॉरेंस से जाकर जरूर मिलेगी।