दुबई: 29 अक्टूबर (एपी) अमेरिकी सेना ने ईरान के उस दावे को खारिज किया है, जिसमें कहा गया था कि उसने होर्मुज जलडमरूमध्य के पास एक अमेरिकी निगरानी ड्रोन को अपने नियंत्रण में लेकर उसे सही-सलामत उतार लिया।
ईरान के सरकारी टेलीविजन ने बृहस्पतिवार को बताया कि रिवोल्यूशनरी गार्ड ने एक ‘‘इलेक्ट्रॉनिक युद्ध अभियान’’ के दौरान एमक्यूएम-170 आउटलॉ ड्रोन का पता लगाया और उसकी पहचान की। इसके बाद उसके नियंत्रण तंत्र को अपने कब्जे में लेकर उसे ईरानी क्षेत्र में उतार लिया। हालांकि, प्रसारण में यह नहीं बताया गया कि ड्रोन को कथित तौर पर कब कब्जे में लिया गया।बयान के अनुसार, एमक्यूएम-170 को फारस की खाड़ी के तट और होर्मुज जलडमरूमध्य के साथ ईरानी हवाई रक्षा प्रणालियों की पहचान करने का काम सौंपा गया था।एमक्यूएम-170 से प्राप्त आंकड़ों से पता चलता है कि यह मानवरहित विमानन इकाई दक्षिणी फारस की खाड़ी के तटीय देशों में से एक के तट से उड़ान भरी थी।
एमक्यूएम-170 की पूरी बरामदगी से ईरान को इसके उपकरण, संग्रहीत डेटा और मिशन के विवरण का अध्ययन करने का अवसर मिलता है, जिससे संभावित रूप से इसकी तकनीक और परिचालन विधियों के बारे में खुफिया जानकारी जुटाई जा सकती है।
एमक्यूएम-170 आउटलॉ का निर्माण अमेरिकी कंपनी ग्रिफॉन एयरोस्पेस द्वारा किया जाता है। यह यूएवी, विशेष रूप से एमक्यूएम-170सी आउटलॉ जी2 वेरिएंट, कैमरे, सेंसर और अन्य कई उपयोगी पेलोड ले जाने में सक्षम है।
सैन्य अभ्यासों में उड़ने वाले लक्ष्यों के रूप में काम करने के अलावा, इन यूएवी का उपयोग वायु रक्षा प्रणालियों की लक्ष्य पहचान और प्रतिक्रिया क्षमताओं का आकलन करने के लिए भी किया जा सकता है।
